Sitamarhi News: सावन मास के तीसरे सोमवार को अनुमंडल मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों के सभी प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही श्रद्धालु बारिश, धूप और उमस भरी गर्मी की परवाह किए बिना बोल बम, हर-हर महादेव, ॐ नमः शिवाय और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयघोष के साथ जलाभिषेक के लिए शिव मंदिरों की ओर निकल पड़े. पूरे दिन वातावरण भक्तिमय बना रहा.
Pupri News: नागेश्वरनाथ और पंचेश्वरनाथ मंदिर में सुबह 4 बजे से लगी कतार
शहर के प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ और पंचेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखी गई.
यहां सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं. श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, कुएं के शुद्ध जल और बालगंगा के पवित्र जल से शिवलिंग का अभिषेक किया.
फल-फूल और बेलपत्र अर्पित कर की मंगल कामना
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, अक्षत, मधु, घी, भांग, आक, जहरकनईल के फूल-फल और कमल का फूल अर्पित कर परिवार के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की.
पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका दिनभर हर-हर बम-बम और ॐ नमः शिवाय के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा.
ग्रामीण इलाकों के शिवालयों में भी जुटी भारी भीड़
नागेश्वरनाथ मंदिर के अलावा क्षेत्र के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली.
नर्मदेश्वरनाथ महादेव, झझिहट स्थित रामेश्वरनाथ महादेव, धरमपुर-डुम्हारपट्टी के बीच स्थित बाबा धुर्जटीनाथ महादेव और भीमा मकलेश्वर स्थित बाबा मकलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं.
एसडीओ और पुलिस टीम ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
भक्तों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पूरी तरह मुस्तैद रहा.
एसडीओ गौरव कुमार, ईओ केशव गोयल और थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार पुलिस बल के साथ नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. मौके पर मंदिर समिति के सचिव डॉ. ओमप्रकाश और उमाशंकर चौधरी समेत कई कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे.
यह भी पढ़ें: शिक्षक नहीं आते, फीस ज्यादा है या रिजल्ट अटका? 25 अगस्त से छात्रों की हर शिकायत सुनेगी सरकार
