Sitamarhi News: पूर्व सैनिकों के लिए संचालित ECHS (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) पॉलीक्लिनिक में डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. लंबे समय से मेडिकल ऑफिसर का पद खाली रहने के कारण प्रभावित स्वास्थ्य सेवाओं के बीच यह फैसला पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए राहत लेकर आया है.
अब दवा, रेफरल और अन्य चिकित्सकीय सुविधाएं पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है.
कई महीनों से प्रभावित थीं स्वास्थ्य सेवाएं
मेडिकल ऑफिसर का पद रिक्त होने की वजह से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को समय पर चिकित्सा सेवाएं नहीं मिल पा रही थीं.
इसका असर दवा वितरण, रेफरल और नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा था.
पूर्व सैनिकों की पहल से मिली सफलता
पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने बताया कि स्थानीय पूर्व सैनिकों की पहल, विभागीय प्रयास और मीडिया के सहयोग से पॉलीक्लिनिक में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति संभव हो सकी.
उन्होंने कहा कि जिले के पूर्व सैनिकों ने एकजुट होकर इस समस्या को विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया था.
इन स्वास्थ्यकर्मियों की हुई तैनाती
विभाग ने मेडिकल ऑफिसर डॉ. हर्षवर्धन कुमार, डेंटल डॉक्टर डॉ. आकांक्षा आनंद और फार्मासिस्ट जुही कुमारी की प्रतिनियुक्ति की है.
पूर्व सैनिकों ने उम्मीद जताई कि इनके कार्यभार संभालने के बाद जिले के पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर, नियमित और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा.
कई पूर्व सैनिक रहे मौजूद
इस अवसर पर सुबेदार रामेश्वर पूर्वे, सुबेदार विजय प्रसाद, महिला विंग की अध्यक्ष सावित्री प्रसाद, रागिनी प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे.
