Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड कार्यालय में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रखंड कार्यालय के लिपिक सतीश कुमार झा ने निरीक्षण के दौरान पहुंचे एडीएम (राजस्व) संजीव कुमार के साथ बेहद अमर्यादित और अनुशासनहीन व्यवहार किया. इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी लिपिक के खिलाफ कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
Runnisaidpur block: निरीक्षण के दौरान एडीएम और विधायक की मौजूदगी में बढ़ा विवाद
घटना गत 9 सितंबर की है, जब प्रशासनिक निरीक्षण के सिलसिले में एडीएम राजस्व संजीव कुमार प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे. इस औचक निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक पंकज कुमार मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल अधिकारी (सीओ) भी वहां मौजूद थे. सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यालय की व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे, तभी यह पूरा विवाद उत्पन्न हुआ.
ड्रेस कोड पर सवाल पूछने पर भड़का लिपिक, की बदतमीजी
सूत्रों के अनुसार, बीडीओ के बुलाने पर लिपिक सतीश कुमार झा जींस पहनकर कार्यालय पहुंचे थे. जब एडीएम ने उनके पहनावे और ड्रेस कोड को लेकर सवाल किया, तो लिपिक अपनी सीमाएं भूल गया और ऊंची आवाज में एडीएम से कहने लगा कि आप कौन होते हैं पूछने वाले. इस तरह के रूखे और अभद्र व्यवहार को देखकर वहां मौजूद विधायक और अन्य कर्मी भी पूरी तरह भौंचक रह गए.
कक्ष से बाहर निकाला गया, सरकारी सेवक नियमावली के तहत होगी कार्रवाई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उस लिपिक को बैठक कक्ष से बाहर निकाला गया. इसके बाद एडीएम राजस्व ने इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट जिला पदाधिकारी (डीएम) को पत्र लिखकर सौंपी है. पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि लिपिक का यह आचरण पूरी तरह से सरकारी सेवक आचरण नियमावली का खुला उल्लंघन है, जिसके बाद उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी: 30 अगस्त की नगर निगम बैठक की कार्यवाही उपलब्ध कराने की उठी मांग, पार्षदों ने सौंपा पत्र
