सीतामढ़ी: चकौती पंचायत में वित्तीय अनियमितता, मुखिया व पूर्व पंचायत सचिव पर प्राथमिकी

सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा प्रखंड अंतर्गत चकौती पंचायत में वर्ष 2022-23 की योजनाओं में वित्तीय अनियमितता के आरोप में वर्तमान मुखिया और तत्कालीन पंचायत सचिव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की जांच पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है.

सीतामढ़ी के बोखड़ा से केशव आनंद की रिपोर्ट

Sitamarhi News: बोखड़ा प्रखंड की चकौती पंचायत में वर्ष 2022-23 की विकास योजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में वर्तमान मुखिया अशोक कुमार और तत्कालीन पंचायत सचिव प्रकाश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामला नाला निर्माण, छठ घाट निर्माण और कार्यालय व्यय में अनियमितता से जुड़ा है.

चकौती पंचायत के वर्तमान पंचायत सचिव राकेश कुमार द्वारा बोखड़ा थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, बीडीओ बोखड़ा के पत्रांक 573, दिनांक 2 जून 2026 के आलोक में यह कार्रवाई की गई है.

डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

प्राथमिकी में कहा गया है कि डीएम सीतामढ़ी के पत्रांक-1142, दिनांक 9 मई 2026 तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश के बाद मामले की जांच कराई गई. जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया.

इन योजनाओं में गड़बड़ी का आरोप

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार योजना संख्या 04/2022-23 के तहत नाला निर्माण कार्य तथा योजना संख्या 06/2022-23 के तहत छठ घाट निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता का आरोप है. इसके अलावा कार्यालय व्यय में भी विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने की बात सामने आई है.

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316 और 318(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुअनि प्यारे लाल को सौंपी गई है.

पुलिस ने कहा है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >