बाजपट्टी. थाना क्षेत्र के माधोपुर चतुरी पंचायत स्थित भलनी मदन गांव में एक झाड़ी से रविवार को करीब 10 वर्षीया एक लड़की के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. लड़की की पहचान गांव के ही सपना कुमारी के रूप में की गयी है. परिजनों द्वारा पुलिस को बताया गया कि वह दो मार्च को अपने घर से खेलने के लिए निकली थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी. काफी तलाशने के बाद भी जब वह नहीं मिली, तो उसके भाई अभिषेक कुमार ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था, जिसमें लड़की को मंदबुद्धि बताया गया था. मृत बच्ची की मां अनीता झा ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 5:00 बजे जब वह फूल तोड़ने गयी, तो वहां पर कोई शव नहीं था.
सुबह 9 बजे ग्रामीणों की नजर शव पर गई
ग्रामीणों द्वारा सुबह करीब 9:00 बजे झाड़ी में शव को देखा गया. इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सरोज कुमार वदल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनकी सूचना पर पुपरी डीएसपी अतनु दत्ता भी वहां पहुंचे. प्राथमिक जांच-पड़ताल के साथ श्वान दस्ता को भी बुलाया गया. बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जल्द से मामले का खुलासा कर लिया जायेगा. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निश्चित रूप से कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि परिजनों द्वारा पुलिस के समक्ष लड़की की हत्या कर शव को घर के पास झाड़ी में फेंकने की आशंका व्यक्त की गयी. शव करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है. सपना गांव के स्व राजकुमार झा की पुत्री थी और गांव के मध्य विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी. उसकी मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है. मां अनीता देवी व भाई अभिषेक झा समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
