Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर प्रखंड स्थित बागमती नदी के खड़का घाट पर शनिवार को बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया. क्षमता से अधिक करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर नदी पार कर रही नाव बीच धारा में असंतुलित होकर पलट गई. घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
Runni Saidpur News: बीच धारा में पलटी नाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव खड़का घाट से यात्रियों को लेकर नदी पार कर रही थी. बीच धारा में पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई. घटना के बाद नदी में मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया.
ग्रामीणों ने बचाईं सभी की जान
नाव पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण बड़ा हादसा टल गया.
ओवरलोडिंग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बागमती नदी के इस घाट पर प्रतिदिन क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर बैठाया जाता है. पर्याप्त और सुरक्षित नावों की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर रोक लगाने और सुरक्षित नौका संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: मानव तस्करी के खिलाफ सीतामढ़ी पुलिस का बड़ा अभियान, जागरूकता पोस्टर जारी
