बाजपट्टी में पसरा मातम: घर से बुलाकर ले गए युवक की सुरसंड में गोली मारकर हत्या, शव पहुंचते ही मचा कोहराम

बाजपट्टी के भुटकुन मंडल की गोली मारकर हत्या, शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

भुटकुन मंडल हत्या: सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवाईपट्टी गांव में मंगलवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब सुरसंड में गोलीबारी का शिकार हुए युवक भुटकुन मंडल का शव उसके पैतृक आवास पहुंचा. शव के आंगन में पहुंचते ही परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. मृतक की पहचान सिवाईपट्टी गांव के खतवे टोला निवासी हजारी मंडल के 28 वर्षीय पुत्र भुटकुन मंडल के रूप में हुई है. अपराधियों ने सुरसंड थाना क्षेत्र के जवाही गांव में उसकी गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी.

घर से बुलाकर ले गया था ग्रामीण

मृतक की पत्नी तान्या देवी ने रोते-बिलखते हुए पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे भुटकुन ने परिजनों के साथ खाना खाया था. इसी दौरान गांव का ही एक परिचित व्यक्ति घर पहुंचा और किसी काम का बहाना बनाकर भुटकुन को अपने साथ बाहर बुलाकर ले गया. पत्नी पूरी रात अपने पति के सुरक्षित लौटने का इंतजार करती रही. मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे अचानक भुटकुन की गोली मारकर हत्या किए जाने की मनहूस खबर घर पहुंची, जिससे परिजनों के होश उड़ गए.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

  • रोजी-रोटी का जरिया : भुटकुन लुधियाना में सिलाई का काम करता था और बीते 10 तारीख को ही परदेस से अपने गांव लौटा था.
  • मासूम बच्चों से उठा साया : मृतक अपने पीछे पत्नी तान्या देवी, नन्हा पुत्र ऋषभ कुमार और मासूम पुत्री काव्या कुमारी को रोता-बिलखता छोड़ गया है.
  • परिजनों का बुरा हाल : भुटकुन दो भाइयों में बड़ा था. घर में मां, बहन और पत्नी की चीखों से सन्नाटा पसरा है.
  • पिता का इंतजार : मृतक के पिता हजारी मंडल अमृतसर में मजदूरी करते हैं. वे बेटे की मौत की सूचना पाकर घर के लिए रवाना हो चुके हैं और परिवार उनके आने की राह देख रहा है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

ये भी पढ़ें; सीतामढ़ी में पुलिस का दोहरा प्रहार: तीन लाख की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, चोरी की बाइक संग शातिर भी धराया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सत्य प्रकाश

सत्य प्रकाश पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं. वे जमीनी स्तर और प्रखंड से जुड़ी विभिन्न प्रकार की विकासात्मक व जनहित की खबरों को प्रमुखता से कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >