Sitamarhi News: भारत-नेपाल सीमा पर शनिवार को एपीएफ (Armed Police Force) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.50 लाख नेपाली और भारतीय करेंसी के साथ बैरगनिया निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गौर भंसार कार्यालय के पास ई-रिक्शा की जांच के दौरान की गई.
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, निवासी बैरगनिया (सीतामढ़ी), के रूप में हुई है.
मोजे में छिपाकर ले जा रहा था नकदी
जांच के दौरान एपीएफ टीम को व्यक्ति के मोजे में छिपाकर रखी गई नकदी मिली. इसके बाद उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया.
तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया.
बरामद हुई नेपाली और भारतीय करेंसी
डीएसपी वसंत गौतम ने बताया कि बरामद राशि में 5 लाख 45 हजार नेपाली रुपये और 4,080 भारतीय रुपये शामिल हैं.
बरामद रकम के स्रोत और उसके उपयोग की जांच की जा रही है.
हवाला एंगल की जांच
एपीएफ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद रकम का संबंध हवाला कारोबार से हो सकता है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
अधिकारियों का यह भी कहना है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी कई बार बिना किसी वैध स्रोत के बड़ी रकम लेकर कैरियर के रूप में नेपाल तक पैसे पहुंचाने का काम कर चुका है. फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.
