सीतामढ़ी: आईसीयू में थीं आंगनबाड़ी सेविका चंचला, प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड ने छीन ली सांस

मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए अग्निकांड में बेलसंड प्रखंड की आंगनबाड़ी सेविका चंचला वर्मा की मौत हो गई. पैर के ऑपरेशन के बाद वह आईसीयू में भर्ती थीं. हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर…

बेलसंड (सीतामढ़ी) से तुसीम कुमार सोलंकी की रिपोर्ट

Sitamarhi News: मुजफ्फरपुर शहर स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड में बेलसंड प्रखंड के रूपौली गांव निवासी आंगनबाड़ी सेविका चंचला वर्मा की मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

पैर टूटने के बाद अस्पताल में थीं भर्ती

परिजनों के अनुसार चंचला वर्मा बुधवार को घर में गिर गई थीं, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई थी. इलाज के लिए उन्हें उसी दिन मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया था, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया था. इलाज के दौरान ही देर रात अस्पताल में भीषण आग लग गई.

आईसीयू में फंस गए मरीज

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आग तेजी से अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में फैल गई. आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. हादसे के दौरान चंचला वर्मा की दम घुटने से मौत हो गई. अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.

आंगनबाड़ी सेविका के रूप में थीं कार्यरत

मृतका चंचला वर्मा सौली वार्ड संख्या-3 में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत थीं. वह अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों के लिए क्षेत्र में जानी जाती थीं. परिजनों के अनुसार उनके परिवार में तीन पुत्रियां हैं. उनके पति कुशेष प्रसाद जगन्नाथ सिंह महाविद्यालय, चंदौली में क्लर्क पद से सेवानिवृत्त हैं.

गांव में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रूपौली गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. शव मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए हैं.

प्रशासन कर रहा जांच

अस्पताल अग्निकांड की जांच प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है. हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >