Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता के बयान पर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में मो. गुलफान समेत फूल खातून, मो. अली शेर, मो. जमशेद, मो. नूरे आलम, मो. राजू, मो. गाजू और रबिना खातून को नामजद आरोपित बनाया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Runnisaidpur News: युवक पर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि गांव का ही मो. गुलफान उसके घर आता-जाता था. परिवार के अन्य सदस्यों की अनुपस्थिति में वह घर पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म करता था. विरोध करने पर आरोपी उसकी मां की हत्या करने की धमकी देता था, जिससे वह भयवश किसी को कुछ नहीं बता सकी.
नौ माह की गर्भवती होने पर मामला आया सामने
पीड़िता के अनुसार लगातार दुष्कर्म के कारण वह गर्भवती हो गई और वर्तमान में नौ माह की गर्भवती है. जब उसकी मां को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपी के परिवार से संपर्क किया और ग्रामीण स्तर पर पंचायत भी हुई.
पंचायत में शादी का आश्वासन, बाद में किया इनकार
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पंचायत के दौरान आरोपी पक्ष ने दोनों की शादी कराने का आश्वासन दिया था. लेकिन 25 जुलाई की शाम आरोपित उसके घर पहुंचे, उसकी मां के साथ मारपीट की और शादी से इनकार करते हुए गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता के आवेदन के आधार पर रून्नीसैदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
