Sitamarhi Flood Alert: संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. प्रशासनिक अधिकारियों ने सुप्पी प्रखंड के जमला समेत विभिन्न इलाकों में तटबंधों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए.
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अधिकारियों और संबंधित कर्मियों को सतर्क रहने को कहा है.
तटबंधों पर पहुंची अधिकारियों की टीम
निरीक्षण में एडीएम आपदा प्रबंधन, सीतामढ़ी सदर एसडीओ आनंद कुमार, सुप्पी बीडीओ और संबंधित विभाग के अभियंता समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे.
टीम ने मौके पर तटबंधों की मौजूदा स्थिति और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया. साथ ही जलस्तर बढ़ने की स्थिति में उत्पन्न होने वाले संभावित खतरे को लेकर भी जानकारी ली गई.
रिसाव या क्षति दिखे तो तुरंत कार्रवाई
अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. किसी भी स्थान पर तटबंध में क्षति या रिसाव की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है.
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.
नेपाल की बारिश पर भी नजर
अधिकारियों के अनुसार, नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश होने पर नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना बनी रहती है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों में जुटा है.
बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत कार्य शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है.
प्रशासन ने लोगों से की ये अपील
जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों से बाढ़ से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. किसी भी तरह की संदिग्ध स्थिति या बाढ़ से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को जानकारी देने को कहा गया है.
फिलहाल प्रशासन की ओर से तटबंधों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है. अधिकारियों को हालात पर नजर रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.
