Sitamarhi News: बथनाहा प्रखंड में अधवारा समूह की अधवारा और जमुरा नदी के किनारे करीब दो दशक पहले बनाए गए तटबंध आज बदहाली का शिकार हैं. बाढ़ से सैकड़ों गांवों की सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से बने ये तटबंध अब खुद असुरक्षित हो चुके हैं.
कई जगह अधूरा रह गया तटबंध निर्माण
तत्कालीन सांसद अर्जुन राय के कार्यकाल में तटबंधों का निर्माण कराया गया था. हालांकि दिग्घी, मदनपट्टी, सोनबरसा और सिंगरहिया समेत कई स्थानों पर तटबंध विभिन्न कारणों से अधूरे रह गए. इसके अलावा आज तक इनका कालीकरण भी नहीं हो सका.
कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल
प्रभात खबर की पड़ताल में सुपैना, कुम्मा, रानी पुल, भटौलिया, तुरकौलिया, नरहा, झिटकहियां, लत्तीपुर, हरिहरपुर, मदनपट्टी, दिग्घी और सिंगरहिया तक अधिकांश तटबंधों पर गहरी दरारें, कटाव और जर्जर स्थिति देखने को मिली. कई जगह मार्ग इतना खराब हो चुका है कि वाहनों की आवाजाही तो दूर, पैदल चलना भी कठिन हो गया है.
समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बढ़ सकता है खतरा
स्थानीय ग्रामीण सरोज देवी, सुशीला देवी, देवेंद्र राय समेत अन्य लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तटबंधों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो तेज बारिश और बाढ़ के दौरान स्थिति गंभीर हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: बाजपट्टी के सीओ रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार, छह घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
