कर्मियों ने चंदा देकर साथी को जेल जाने से बचाया
सीतामढ़ी : बीआरसी रून्नीसैदपुर के साधानसेवी मो सैयद रेयाजुद्दीन नौ मई को पुलिस की गिरफ्त में आने के बावजूद जेल जाने से बच गये.
ऐसी बात नहीं कि पुलिस ने उनकी कोई मदद की, बल्कि उनके साथियों ने उन्हें जेल जाने से बचा लिया. पुलिस ने मो रेयाजुद्दीन को जैसे ही उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया कि इसकी खबर उनके सहकर्मियों को लग गयी. तब तक रून्नीसैदपुर थाना पुलिस उन्हें बीआरसी से जिला नीलाम पदाधिकारी के कार्यालय में पहुंच गयी. तुरंत बाद 15-20 कर्मी भी वहां पहुंच गये. रून्नीसैदपुर बीइओ भी आ गये. कर्मियों में मो रेयाजुद्दीन को जेल जाने से बचाने की चर्चा होने लगी. कुछ ही देर बाद कर्मियों ने अपने-अपने स्तर से पैसे का उपाय किया और उतना पैसा पूरा दिया, जितना ऋण का बकाया था.
जिला नीलाम पदाधिकारी मो राशिद अली के कोर्ट में ऋण की पूरी राशि जमा की गयी और जेल जाने से मो रेयाजुद्दीन को बचा लिया गया. कर्मियों की एकजुटता व सहयोग की भावना की अब भी चर्चा हो रही है. बता दें कि मो रेयाजुद्दीन एसबीआइ की सीतामढ़ी शाखा से ऋण लिये थे. सूद समेत ऋण की राशि बढ़ कर 3.21 लाख हो गयी थी. भुगतान नहीं करने पर बैंक की ओर से ऋण की वसूली के लिए नीलाम वाद दायर किया गया था.
