पुपरी के सिंगियाही रोड की घटना, तोड़फोड़ कर 25 लाख की संपत्ति लूटी
पुपरी : नगर के सिंगियाही रोड में गुरुवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में हरवे हथियार से लैस लोगों ने अचानक गुलाब ठाकुर के घर हमला कर दिया. तोड़फोड़ करने के बाद घर में घुस कर करीब 25 लाख मूल्य की संपत्ति लूट ली. विरोध करने पर गृहस्वामी की पत्नी नगीना देवी से मारपीट कर अभद्र व्यवहार किया. वर्चस्व को लेकर घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है. सूचना पर एसडीपीओ पंकज कुमार, सीओ लवकेश कुमार,
थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल, अनि अजीत कुमार, भिट्ठा ओपी प्रभारी मिहिर कुमार, बाजपट्टी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, सुरसंड थानाध्यक्ष अजय कुमार, नानपुर थानाध्यक्ष ललन कुमार, चोरौत ओपी प्रभारी योगेंद्र प्रसाद सशस्त्र बल के साथ पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. एसडीपीओ ने बताया कि मामले में पंसस प्रत्याशी रामबाबू शर्मा, निवर्तमान सरपंच शंभु प्रसाद कर्ण, प्रवीण कुमार उर्फ पप्पू एवं विनोद पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है. तनावपूर्ण स्थिति को लेकर अतिरिक्त सैप को तैनात कर दिया गया है.
27 नामजद समेत सैकड़ों अज्ञात पर केस
उधर श्री ठाकुर के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है जिसमें रामबाबू शर्मा, शंभु प्रसाद कर्ण, प्रवीण कुमार उर्फ पप्पू, विनोद पासवान समेत 27 नामजद के अलावा सैकड़ों अज्ञात को आरोपित किया गया है. प्राथमिकी में आरोपितों पर नाजायज मजमा लगा कर किबाड़ तोड़ कर घर में प्रवेश करने, घर में रखा तीन सौ ग्राम सोना, एक किलोग्राम चांदी, तीन लाख नगद रुपया, बंदूक की 40 गोली, कीमती कपड़ा, मोबाइल, दो गैस सिलेंडर, चुल्हा, किवाड़, खिड़की, फर्नीचर, आलमीरा, बाइक, चापाकल, टीवी, म्यूजिक सिस्टम, करीब एक सौ कुरसी, चौकी, विद्युत मीटर व बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर लूटपाट करने का आरोप लगाया गया है.
