सीतामढ़ी/रुन्नीसैदपुर : थाना क्षेत्र के टिकौली गांव के बुढ़िया गाछी स्थित कब्रिस्तान के समीप रविवार की सुबह एक 18 वर्षीय युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. सुबह करीब 10 बजे सरेह में गये ग्रामीणों की नजर जब उक्त लावारिस शव की ओर गयी, तो हर कोई अवाक रह गया. हल्ला होने पर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. ग्रामीणों द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचना दी गयी.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. शव की पहचान गांव के ही स्व विजय साह की 18 वर्षीया पुत्री कंचन कुमारी के रूप में की गयी है. शव के दाहिने गाल व नाक से खून निकल रहा था. जबरा फ टा हुआ था. गरदन पर निशान था. शव को देखने के बाद पुलिस ने युवती की गला दबा कर हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस परिजनों का बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही थी.
