हटायी गयीं 50 से अधिक दुकानें व झोपड़ियां
सोनबरसा : चेतावनी के बावजूद सड़क किनारे की सरकारी जमीन खाली नहीं करने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बुधवार को अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान करीब 50 से अधिक दुकानों व झोंपड़ियों को हटाया गया. इसके लिए एक जेसीबी मशीन व तीन ट्रैक्टर को लगाया गया था.
अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
करीब 100 एसएसबी जवान, बीएमपी व चौकीदार के साथ सीओ एसके दत्त, थानाध्यक्ष फूलदेव चौधरी, एसएसबी कंपनी कमांडर संतोष कुमार व सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराना शुरू किया तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. पीएचसी के समीप से हाइस्कूल तक की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की सूचना के चलते कुछ अतिक्रमणकारी अपनी झोंपड़ी हटा लिये थे तो अधिकांश पर प्रशासन की सूचना का कोई असर नहीं पड़ा था.
कार्रवाई से नाराजगी
अतिक्रमणकारियों का कहना था कि वे लोग आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति हैं और जैसे-तैसे सड़क के किनारे दुकान लगा कर पेट पाल रहे थे. प्रशासन को वैसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए जो सरकारी जमीन का अतिक्रमण कर पक्का मकान व दुकान बना लिये हुए हैं. ऐसे लोगों की संख्या सोनबरसा बाजार में दर्जन से अधिक है.
आगे भी होगी कार्रवाई
सीओ श्री दत्त ने बताया कि सदर एसडीओ संजय कृष्ण के निर्देश पर यह कार्रवाई की गयी है. पूर्व में अतिक्रमणकारियों को जमीन खाली कर देने के लिए नोटिस दिया गया था. बाद में कार्यालय में बुला कर मौखिक रूप से कहा गया था. ध्वनि विस्तारक यंत्र से प्रचार-प्रसार कराया गया था. बावजूद अधिकांश लोग जमीन खाली नहीं किये थे. इसी कारण बल प्रयोग करना पड़ा है. शीघ्र ही सोनबरसा बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी.
