सोनबरसा : प्रखंड की विशनपुर अधार पंचायत के विशनपुर गांव के वार्ड नंबर-7 के वोटरों ने विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड में कई ऐसी समस्याएं है,
जिसका निदान अब तक संभव नहीं हो सका है. ग्रामीण मो युनीस, मो मोहसीन अंसारी, साबिर अंसारी, जयसुन खातून, गुलशन खातून व हसीम शेख समेत अन्य ने बताया कि दिन-व-दिन कब्रिस्तान का अतिक्रमण जारी है. कब्रिस्तान का बहुत सा भाग समीप के पोखर में चला गया है. अन्य भाग का उपयोग ग्रामीण शौच के रूप में करते हैं.
इसकी घेराबंदी कराने एवं अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए सीएम, डीएम व डीसीएलआर सदर को आवेदन दिया गया था. लगातार चार माह तक कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नही उठाया गया. बताया कि गांव के एक भी व्यक्ति को शौचालय योजना का लाभ नहीं मिल सका है. पूरे गांव में बिजली सुविधा है, जबकि वार्ड नंबर-7 में अब तक पोल व तार भी नहीं लगा है.
