सीतामढ़ी : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ट्रेन में चेकिंग के दौरान जब्त किये गये 63 लाख के जेवर के मामले की जांच अब तक जारी है. इस बीच, जेवर का व्यापारी अमरजीत सिंह परेशान हैं.
व्यापारी ने कहा है कि उसके पास तमाम कागजात उपलब्ध रहने के बावजूद उसे जांच के नाम पर उलझा दिया गया है.
बता दें कि यह व्यापारी अमृतसर का रहने वाला है. वहां से वह दो बैग में सोना का जेवर बेचने के लिए बिहार में आया था. शिवहर, सीतामढ़ी व मोतिहारी जिला में करीब 30 लाख का जेवर बेचने के बाद ट्रेन से मुजफ्फरपुर जा रहा था.
इसी दौरान चेकिंग में वह जेवर के साथ पकड़ा गया. सोमवार की दोपहर से हीं इनकम टैक्स व सेल्स टैक्स के अधिकारी जांच में जुटे हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उक्त व्यापारी का दूसरे प्रदेश में आकर जेवर का कारोबार करना किस हद तक उचित अथवा अनुचित है.
उसके पास संबंधित कागजात है अथवा नहीं और है तो वैध है या अवैध, इन सारी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. सूत्रों ने बताया कि व्यापारी से प्राप्त किये गये तमाम कागजात को पटना भेज दिया गया है. वहां से अब तक कोई दिशा-निर्देश नहीं आया है. इधर, व्यापारी का कहना है कि अगर सोना का जेवर अवैध रहता और कागजात वैध नहीं रहता तो उसे अमृतसर स्थित हवाई अड्डा पर हीं रोक लिया गया होता.
