सीतामढ़ी : नगर थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात पुनौरा ओपी, रीगा थाना तथा क्यूआरटी के साथ मनियारी में संयुक्त छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से चोरी की एक बाइक एवं रंगदारी मांगने में प्रयुक्त तीन मोबाइल व सीम बरामद किया गया है.
नगर थानाध्यक्ष विशाल आनंद एवं पुनौरा ओपी प्रभारी ललन कुमार ने बताया कि पकड़े गये अपराधियों में मनियारी(नगर थाना) गांव निवासी किशोरी सिंह का पुत्र महेश कुमार, श्रीराम दिवाकर का पुत्र गोलू कुमार एवं परसौनी थाना के कन्हौली गजपति निवासी रामबाबू महतो शामिल है. वहीं शातिर महेशिया भाग निकला.
थानाध्यक्ष ने कहा कि गुप्त सूचना मिली थी कि मनियारी गांव में गोलू कुमार के घर कुछ अपराधकर्मी चोरी की बाइक के साथ एकत्र हुआ है एवं अपराध की योजना बना रहा है. वरीय पदाधिकारियों को सूचना दी गयी. एसपी के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. छापेमारी टीम में पुनौरा ओपी प्रभारी के साथ रीगा थानाध्यक्ष शंभु शरण गुप्ता कई पदाधिकारियों व क्यूआरटी के साथ शामिल थे. पुलिस टीम को देख कर सभी अपराधी भागने लगे, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. पकड़े गये तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
बाइक का निबंधन फर्जी
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त चोरी की हीरो ग्लैमर बाइक (बीआर 30एफ 9609) के बारे में डीटीओ कार्यालय से पता किया गया, जिसमें कहा गया कि उक्त बाइक का निबंधन संख्या फर्जी है. आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए बाइक का उपयोग किया जाता था.
पांच मामलों में है संलिप्तता
पकड़े गये अपराधियों की संलिप्तता रंगदारी के पांच कांडों में होने का खुलासा हुआ है. तीनों अक्सर सीम व मोबाइल बदल कर रंगदारी की मांग करता था. तीनों ने पुलिस के समक्ष यह स्वीकार किया है कि वह शिवहर जेल में बंद प्रभु सहनी, विजय राम व मौके से फरार रंजीतपुर कोआरी के महेशिया के इशारे पर आपराधिक घटना को अंजाम देता था. रंगदारी का पैसा भी तीनों को पहुंचाता था.
डुमरा : खरीफ मौसम में धान व मक्का की खेती के लिए किसानों को आकस्मिक फसल योजना के तहत डीजल अनुदान का लाभ देने की सभी तैयारियों पूरी कर ली गयी है.
कृषि विभाग ने सामान्य वर्ग के किसानों के लिए एक करोड़ 83 लाख 17 हजार 520 रुपये व अनुसूचित जाति के लिए 46 लाख 96 हजार 800 रुपये प्रखंडों को आवंटित कर दिया है. बताया गया है कि खरीफ वर्ष 2015 में अनावृष्टि के कारण उत्पन्न आपातकालीन स्थिति में सिंचाई के लिए डीजल अनुदान का वितरण किसानों के बीचकरना है.इसके लिए प्रखंडों में सामान्य जाति व अनुसूचित जाति के लिए अलग-अलग राशि उपलब्ध कराया गया है.
कहते हैं अधिकारी
इस बाबत डीएओ पीके झा ने बताया कि राशि उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी बीडीओ को 15 दिन के अंदर किसानों से आवेदन प्राप्त कर उसका सत्यापन कर राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. भुगतान बैंक एकाउंट के माध्यम से हीं करना है. इसके लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अनुश्रवण के लिए निगरानी समिति का गठन किया गया है.
पीके झा,
डीएओ
