परिहार (सीतामढ़ी) : थाना क्षेत्र के घघरा गांव में एक व्यक्ति ने दबिया से प्रहार कर 18 माह की एक बच्ची की हत्या कर दी. घटना रविवार की देर रात की है. घटना के पीछे बकरी का फसल चर जाना बताया जाता है.
इस बाबत मृतका की मां मालती देवी ने ग्रामीण नागेंद्र राय के खिलाफ परिहार थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने आरोपित नागेंद्र राय को उसके घर से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया.
प्राथमिकी में मालती देवी ने पुलिस को बताया है कि रविवार की शाम नागेंद्र राय की बकरी उसके खेत में लगी फसल चर गयी.
इसका उलाहना देने पर विवाद हो गया. हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया. देर रात नागेंद्र राय घर में घुस कर उसकी हत्या करने की नीयत से दबिया से प्रहार किया.
दबिया उसे न लग कर बगल में सो रही उसकी 18 माह की पुत्री अंशु कुमारी को लग गयी. इससे इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी. बताया गया है कि मृत बच्ची के पिता जंग बहादुर राय कमाने के लिए पंजाब में हैं. मालती के दो पुत्र व चार पुत्रियों में अंशु सबसे छोटी थी. थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने सोमवार की सुबह आरोपित नागेंद्र राय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. इधर, आरोपित नागेंद्र राय की मां ने आरोप लगाया कि बच्ची की हत्या उसकी मां ने ही की है. उसके पुत्र को फंसा दिया गया है.
दोनों गुटों में पूर्व से जमीन का विवाद चला आ रहा है. बकरी के फसल चर जाने पर विवाद और बढ़ गया. इसी क्रम में बच्ची की हत्या कर दी गयी. आरोपित को पकड़ लिया गया है.
एमएन उपाध्याय, डीएसपी सदर
