सीतामढ़ी/सोनबरसा : जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के एनएच 77 स्थित दोस्तियां चिरान मशीन के पास शुक्रवार को स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचलकर बुरी तरह जख्मी एक महिला की मौत हो गयी.
मृतका की पहचान दोस्तिया गांव निवासी जगरनाथ साह की 45 वर्षीया पत्नी सुशीला देवी के रुप में की गयी है. मृतका मवि दोस्तियां में विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव भी थी. हल्ला सुनकर पहुंचे उप प्रमुख जयकिशोर साह उर्फ ललित ने खून से लथपथ सुशीला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया.
थानाध्यक्ष राकेश रंजन ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की. नगर थाना के सहायक दारोगा कलक्टर सिंह ने मृतका के पति का बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया गया. मृतका के पति ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि शुक्रवार की सुबह लगभग 5.30 बजे एनएच 77 पर अपने गांव दोस्तिया में चिरान मशीन के सामने वह अपनी पत्नी के साथ टहल रहा था. इसी क्रम में उत्तर दिशा से आ रही तेज रफ्तार उजले रंग की स्कॉर्पियो से कुचल दिया.
ठोकर मारने के बाद चालक गाड़ी लेकर तेजी से दक्षिण दिशा की तरफ भाग गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पति द्वारा नगर थाना पुलिस को दिये गये बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. मृतका दो पुत्र व एक पुत्री की मां थी. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है.
