सीतामढ़ी : अब आम जनता सीधे तौर पर पुलिस से संबंधित किसी समस्या के समाधान के लिए बेहिचक अपनी बात रख सकता है. जल्द ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय से लेकर जिले के सभी एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर से लेकर थाना तक में शिकायत पेटिका लगेगी.
पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) केएस द्विवेदी के निर्देश पर पुलिस कार्यालय इस दिशा में गंभीर हो गया है. जिसमें आम से खास लोग अपनी बातों से पुलिस अधिकारियों को अवगत करा सकते हैं.
पब्लिक की बातें सार्वजनिक नहीं की जायेगी. थाना में लगी शिकायत पेटिका संबंधित थाना के पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर की मौजूदगी में खोला जायेगा. इतना ही नहीं शिकायतकर्ता की शिकायत को गंभीरतापूर्वक देखते हुए कानून सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
सदर एसडीपीओ डॉ कुमार वीर धीरेंद्र ने बताया कि आम से लेकर खास लोग जिन्हें किसी प्रकार की शिकायत पुलिस अथवा अन्य लोगों से है, वह शिकायत पेटी में विषय वस्तु के साथ-साथ अपना नाम, पता व मोबाइल नंबर लिख कर शिकायत पेटिका में डाल सकता है. जांच के बाद पुलिस जरूर कार्रवाई करेगी. कहा कि कई लोग थाना अथवा पुलिस अधिकारी के पास शिकायत करने में डर जाते हैं.
वैसे लोग अपनी बात लिखकर शिकायत पेटी में जरूर डाले ताकि विधि सम्मत कार्रवाई की जा सके. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि जिन्हें भी पुलिस से कोई शिकायत है, कोई अधिकारी अथवा व्यक्ति परेशान कर रहा है तो पूरी बात लिखकर नाम, पता व मोबाइल नंबर के साथ लिखकर डाल दे.
सर्किल इंस्पेक्टर की मौजूदगी में खुलेगी पेटी: थानों में शिकायत पेटी किसी हालत में थानाध्यक्ष अथवा अन्य कोई कर्मी नही खोल सकते हैं. इसकी पूरी जिम्मेदारी थाना क्षेत्र के पुलिस सर्किल के इंस्पेक्टरों को दी गयी है. इंस्पेक्टर ही अपनी मौजूदगी में उक्त शिकायत पेटी को खोलेंगे तथा प्रत्येक शिकायत पत्र की जांच कर वरीय अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे. उस रिपोर्ट के आधार पर दोष सिद्ध होने पर अधिकारी व कर्मी पर वरीय अधिकारी कार्रवाई कर सकेंगे.
गुड न्यूज
एसपी व एसडीपीओ कार्यालय में भी टंगा है बॉक्स
सार्वजनिक नहीं होगी शिकायत करने वाले व्यक्ति की लिखी बात
शिकायत पंजी में डालना होगा नाम, पता व मोबाइल नंबर
रिश्वतखोर अधिकारी व कर्मियों पर कसेगा शिकंजा
डीजीपी के इस निर्देश के बाद जल्द ही जिले के प्रत्येक थाना में शिकायत पेटिका टंगा मिल जायेगा. शिकायत पेटिका में वैसे लोग अपनी बात बेहिचक लिखकर डाल सकते हैं, जिन्हें किसी अधिकारी की शिकायत करने से भय रहता है. खासकर रिश्वतखोर अधिकारी से लेकर कर्मी पर शिकंजा कसेगा. आये दिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के थानों में पब्लिक की शिकायत को नजरअंदाज करने की बात सामने आती रहती है. शिकायत पेटिका में शिकायत लिखकर डालने से उस अधिकारी व कर्मी को उस शिकायत की जानकारी भी नहीं मिल पायेगी. अलबत्ता पुलिस के वरीय अधिकारी जांच करने के बाद सीधे तौर पर कार्रवाई कर सकेंगे.
लोगों को होगी सहूलियत
सदर एसडीपीओ डॉ कुमार वीर धीरेंद्र ने बताया कि आम जनता को शिकायत पेटिका में अपनी शिकायत जरूर डालना चाहिए. आप सीधे तौर पर मौखिक अथवा प्रत्यक्ष अपनी शिकायत करने में परेशानी महसूस करते हैं तो शिकायत पेटिका आपके लिए है. आपकी बातों को इसमें गुप्त रखा जायेगा. वरीय अधिकारी की मौजूदगी में शिकायत को देखा जायेगा, तद्नुरूप संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
डॉ कुमार वीर धीरेंद्र, सदर एसडीपीओ
