उत्साह के साथ 17605 बच्चों का नामांकन

मवि चकमहिला में डीएम ने बच्चों को लगाया तिलक व लिया एमडीएम का स्वाद जिले में कुल 17605 में से 8882 छात्र व 8723 छात्राओं का हुआ नामांकन सीतामढ़ी : डीएम के निर्देश पर पूर्व निर्धारित ‘ मेरा विद्यालय, मेरा अधिकार अभियान ‘ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य व उच्च विद्यालयों में […]

मवि चकमहिला में डीएम ने बच्चों को लगाया तिलक व लिया एमडीएम का स्वाद

जिले में कुल 17605 में से 8882 छात्र व 8723 छात्राओं का हुआ नामांकन
सीतामढ़ी : डीएम के निर्देश पर पूर्व निर्धारित ‘ मेरा विद्यालय, मेरा अधिकार अभियान ‘ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य व उच्च विद्यालयों में बुधवार को उत्सवी माहौल में नामांकन दिवस मनाया गया.
अभिभावकों ने अब तक नामांकन से वंचित अपने बच्चों के साथ समीप के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में पहुंच नामांकन कराया. वहां पूर्व से मौजूद स्थानीय अधिकारी व शिक्षकों ने आगंतुक बच्चों को तिलक-चंदन लगा कर व अभिभावकों को आदर के साथ स्थान ग्रहण करा कर उनका स्वागत किया. साथ ही सरकारी विद्यालयों में विभिन्न योजनाओं के तहत बच्चों को सरकार की ओर से मिलने वाली पोशाक, पुस्तक, छात्रवृत्ति, पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य परिक्षण,
शुद्ध पेयजल, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल सामग्री, बालिकाओं के लिए साइकिल व रूचिकर प्रात:कालीन सभा जैसी सुविधा व तमाम संशाधानों से अभिभावकों को अवगत कराया गया. डीएम रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में कुल 17605 बच्चों का नामांकन हुआ है, जिसमें 8882 छात्र व 8723 छात्राएं शामिल है. उन्होंने कहा कि इस बड़ी उपलब्ध को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करने के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है. नामांकन को लेकर किस विद्यालय में कैसा माहौल रहा, पर पढ़िये विस्तृत रिपोर्ट
डीएम ने बच्चों का किया अभिनंदन :डुमरा. प्रखंड के मध्य विद्यालय परसपट्टी व चकमहिला में नामांकन के दौरान पहुंच कर डीएम रणजीत कुमार सिंह ने जायजा लिया. इसी क्रम में उन्होंने मवि चकमहिला में नामांकन को पहुंचे बच्चों को तिलक लगा कर उनका अभिनंदन किया. साथ ही बच्चों के लिए बनाये गये एमडीएम का स्वाद चख कर गुणवत्ता की जांच की. डीएम के साथ मौजूद अधिकारियों ने भी मेनू के हिसाब से बनाये खिचड़ी-चोखा का लुफ्त उठाये. डीएम श्री सिंह बताया कि उक्त दोनों विद्यालयों में करीब 100 बच्चों का नामांकन हुआ है. मौके पर डीइओ रामचंद्र मंडल, डीपीओ जयशंकर प्रसाद ठाकुर, डीआइओ मुकेश कुमार व एचएम रमेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
चोरौत. प्रखंड के सभी प्राथमिक, मध्य व उच्च विद्यालय में बुधवार को प्रवेशोत्सव मनाया गया. इस दौरान मवि यदुपट्टी सिमरी में नामांकन कराने आये हुए बच्चों को विद्यालय की ओर से माला पहना कर उनका स्वागत किया गया. बताया गया कि बीडीओ नीलकमल, सीओ राजेंद्र पाठक व नोडल पदाधिकारी समेत अन्य ने विभिन्न स्कूलों का जायजा लिया.
सुप्पी. प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में प्रवेशकोत्सव के दौरान 388 बच्चों का नामांकन हुआ. इस संबंध में बीइओ शशिभूषण तिवारी ने बताया कि प्रावि घरवारा बालक के प्रभारी प्राधानाध्यपाक राणा आकाश दीप व बीआरपी अरूण कुमार ने विशेष नामांकन तुलसी ‌अभियान के स्थानीय निःशक्त बच्ची को उसके घर से अपने बाइक पर बैठा कर लाये व नामांकन के बाद उसे पुन: उसके घर पहुंचा दिये. मौके पर सभी शिक्षक मौजूद थे.
रून्नीसैदपुर. मेरा विद्यालय मेरा अधिकार अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न 256 विद्यालयों में कुल 1461 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ. इस दौरान छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गयी थी. मवि सैदपुर में नामांकन काउंटर का उद्घाटन बीडीओ सरोज कुमार बैठा ने किया.
इससे पूर्व प्रधानाध्यापक सोजेंद्र महतो, सहायक शिक्षक रामकुमार व समाज सेवी हरिकिशोर गुप्ता ने पोषक क्षेत्र का भ्रमण कर अभियान की सफलता के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया. मौके पर बीइओ माधवेंद्र कुमार व वालेश्वर कुमार चौधरी ने बताया कि कुल 738 छात्र व 723 छात्राओं का नामांकन हुआ है.
पुपरी. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में 875 छात्र – छात्राओं का नामांकन हुआ, जिसमें 455 छात्र व 420 छात्रायें शामिल हैं. इस संबंध में बीइओ अरुण कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रखंड के सभी 65 प्राथमिक व 44 मध्य विद्यालय व नौ सीआरसी है. सीआरसी मध्य विद्यालय भिठ्ठा में 66, हरिहरपुर में 133, रामनगर में 116, तिलक साह में 113, पोखरभिंडा में 82, बछाड़पुर में 95, हरदिया में 75, मौलानगर में 106 व मारवाड़ी मध्य में 89 छात्र – छात्राओं का नामांकन हुआ.
बाजपट्टी. प्रखंड के सभी 138 प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में 575 छात्र व 547 छात्राओं का नामांकन हुआ. इसकी पुष्टि करते हुए बीआरपी मनोज कुमार ने बताया कि नामांकन के दौरान बीडीओ मुकेश कुमार व नोडल पदाधिकारी तारकेश्वर प्रसाद ने मवि रायपुर बाजार व प्रावि महमदा का जायजा लिये. वहीं डीपीओ शैलेंद्र कुमार ने मवि मधुबन, प्रावि मुरलियाडीह, प्रावि बाजपट्टी गोट उर्दू व मवि हरपुरवा उर्दू पहुंचे थे.
मेजरगंज. मेरा विद्यालय मेरा अधिकार कार्यक्रम के तहत प्रखंड के मध्य विद्यालय डंगराहा नया में बुधवार को विशेष नामांकन अभियान चलाया गया, जिसमें प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार द्वारा नामांकित छात्र-छात्राओं को राजतिलक किया गया. इस अवसर पर सीओ अमरनाथ चौधरी, नोडल पदाधिकारी सह अंचल निरीक्षक महादेव शरण सिंह, सुशील कुमार झा, शंकर कुमार सिंह, संजय कुमार, नंदकिशोर यादव, राघवेंद्र कुमार, वैजयंती कुमारी समेत अन्य शिक्षक व शिक्षिकायें मौजूद थे.
परिहार. प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में कुल 799 छात्र- छात्राओं का नामांकन हुआ, जिसमें 457 छात्र व 342 छात्राएं शामिल हैं. इसकी पुष्टि करते हुए बीआरसी प्रभारी मारूफ आलम ने बताया कि नामांकन को आये विभिन्न अभिभावकों का भव्य स्वागत किया गया है. मौके पर सभी शिक्षक-शिक्षिका मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >