धनहा टोले पकड़िया में फंदे से लटका मिला युवती का शव
सीतामढ़ी/बेला : जिले के बेला थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अपराधियों ने युवती समेत दो की हत्या कर दी. पहली घटना चांदी रजवाड़ा गांव के गोपालपुर टोला में हुई, जहां अपराधियों ने 45 वर्षीय गणेशी राउत की सोये अवस्था में गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं दूसरी घटना धनहा टोले पकड़िया की है, जहां 18 वर्षीया सीता कुमारी की गले में फंदा डालकर हत्या कर दी गयी. घटना की सूचना पर बेला थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, अनि बिंजू शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचकर छानबीन की. दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार, गणेशी राउत पिता स्व बेचन राउत खेत की मड़ई में सोया था.
देर रात अपराधियों ने पिस्तौल से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. रविवार की सुबह खून से लथपथ देख परिजन ने हल्ला किया, जिसपर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. मृतक के सिर, पीठ व दाहिने हाथ पर गोली के निशान मिले हैं. मृतक का पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है. उसे दो पुत्र है, जिसमें एक तमिलनाडु में मजदूरी करता है. वहीं दूसरा पुत्र घर पर पिता के साथ रहता था. मृतक के भतीजा प्रमोद कुमार के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. हत्या के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है.
हत्या व आत्महत्या को लेकर पसोपेश में पुलिस : वहीं धनहा टोले पकड़िया स्थित आम के बगीचा में फंदे से लटकी युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान मातवर दास की 18 वर्षीया पुत्री सीता कुमारी के रूप में की गयी. मृतका का पिता पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता है. दादा धरमू दास ने बताया कि वह आम की रखवाली के लिए बगीचे में सोया था. पौत्री व पतोहू घर में सोयी थी. सुबह जब बगीचा से लौट रहा था तो भीड़ देखकर रूक गया. देखा कि उसकी पुत्री की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है. हालांकि युवती की हत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है. कोई इसे आत्महत्या कह रहा है तो कोई हत्या. हत्या व आत्महत्या को लेकर पुलिस पशोपेश में है. पुलिस ने छानबीन के क्रम में घटनास्थल से एक मोबाइल बरामद किया है. मोबाइल से हत्या व आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने का पुलिस प्रयास कर रही है.
क्या कहते हैं सदर एसडीपीओ
सदर एसडीपीओ डॉ कुमार वीर धीरेंद्र ने बताया कि गणेशी राउत की हत्या जमीनी विवाद में की गयी है. थानाध्यक्ष को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अनुसंधान की जिम्मेवारी दी गयी है. वहीं युवती की मौत को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है. बगीचे में जहां युवती का शव फंदे से लटका था, वहां से कुछ दूरी पर मोबाइल मिला है, जिसकी जांच की जा रही है. जांच में सच्चाई सामने आ जायेगी.
