आपूर्ति टास्क फ़ोर्स की बैठक में डीएम ने दिया निर्देश
आधार से राशन कार्ड को जोड़े जाने की डीएम को दी गयी जानकारी
सीतामढ़ी : राज्य सरकार के आदेश पर सरकारी सेवकों से राशन कार्ड वापस लिया जा रहा है. इसी कड़ी में अब जिले के तमाम शिक्षकों से भी राशन कार्ड छीन जायेगा.
डीएम राजीव रौशन ने शुक्रवार को सदर समेत तीनों एसडीओ को शिक्षकों से राशन कार्ड जमा कराने का निर्देश दिया. बैठक से बगैर सूचना के अनुपस्थित डुमरा व परसौनी एमओ से जवाब- तलब किया गया.
अंत्योदय के 24708 फर्जी लाभार्थी
जिला आपूर्ति टास्क फ़ोर्स की बैठक के दौरान डीएम श्री रौशन ने समीक्षा में पाया कि जिले में अंत्योदय के 76 हजार लाभार्थी है, जिसमें से 24708 फर्जी पाये गये है. लाभार्थियों की सूची से उक्त फर्जी लाभार्थियों का नाम हटाने को कहा गया. इसी दौरान डीएम ने सभी एसडीओ को सरकारी शिक्षकों से राशन कार्ड वापस लेने को कहा.
अब तक 3341 राशन कार्ड रद्द: डीएम ने सदर एसडीओ को रून्नीसैदपुर प्रखंड के दो डीलरों के खाद्यान्न समेत कागजातों की जांच करने को कहा. समीक्षा में पाया गया कि अबतक जिले के 3341 लोगों का राशन कार्ड रद्द किया गया है.
नगर को छोड़ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति परिवार डेढ़ लीटर तेल देने एवं आधार से राशन कार्ड को जोड़े जाने की बावत डीएम को जानकारी दी गयी. मौके पर डीएसओ रविकांत सिन्हा के अलावा सभी एसडीओ, एमओ व एजीएम मौजूद थे.
डीलरों के बाट की होगी जांच
मौके पर डीएम ने कहा कि खाद्यान्न के वजन में कमी की शिकायतें मिलती रहती है. इसे लेकर एसडीओ को निर्देश दिया गया कि जब एफसीआइ से ट्रक से खाद्यान्न एसएफसी गोदाम के लिए ले जाया जाता है तो उसी दौरान जांच कर ले कि कोई गड़बड़ी तो नही है ? सभी एमओ को डीलरों के वाट की जांच करने का निर्देश दिया गया. मापतौल अधिकारी को भी साल में कम से कम दो बार वाट की जांच करने को कहा गया.
