बथनाहा गांव के वार्ड संख्या-11 की घटना
बांस का खूंटा उखाड़ने के विरोध पर चला दी गोली
थानाध्यक्ष पहुंचे अस्पताल, पीड़ित का दर्ज किया बयान
नौ को किया आरोपित
सीतामढ़ी : बथनाहा थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव के वार्ड संख्या-11 में सोमवार की दोपहर भूमि विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जख्मी ब्रह्मदेव महतो (50 वर्ष) पिता स्व सोनफी महतो को इलाज के लिए शहर के नंदीपत मेमोरियल अस्पताल में भरती कराया गया है.
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना, दारोगा राकेश गोसाईं पुलिस बल के साथ पहुंचकर छानबीन की. थानाध्यक्ष अस्पताल में जख्मी का बयान दर्ज कर रहे हैं. ब्रह्मदेव को बायें पैर के जांघ में गोली लगी है. जानकारी के अनुसार, ब्रह्मदेव महतो व पट्टीदार नरेश महतो के बीच पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. नरेश महतो सहयोगियों के साथ मिलकर निजी जमीन से बांस का खूंटा उखाड़ रहा था. विरोध करने पर दोनों गुट के बीच कहासुनी हुई.
जख्मी का आरोप है कि बाद में नरेश महतो पांच से सात अन्य लोगों के साथ मिलकर झगड़ा करने लगा. जिस क्रम में नरेश ने गोली चला दी. पुलिस के समक्ष दर्ज बयान में ब्रह्मदेव ने नरेश महतो, विजय महतो, महेश महतो समेत नौ को आरोपित किया है. बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व भी दोनों गुट के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें ब्रह्मदेव महतो के भतीजा मनोज कुमार को फरसा से वार कर घायल कर दिया गया था. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के उपरांत अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
