बथनाहा : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बेगूसराय जिला अंतर्गत सेमरिया घाट पर लगे अर्धकुंभ मेले में गंगा स्नान करने गयी थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी स्व योगेंद्र झा की करीब 75 वर्षीया पत्नी त्रिवेणी देवी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी.
परिजनों व ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार वृद्धा शुक्रवार की शाम परिवार के कई अन्य सदस्यों व ग्रामीणों के साथ अर्धकुंभ मेले में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए रवाना हुई थी.
सभी रात्रि करीब एक बजे सेमरिया घाट पहुंच चुके थे. कुछ घंटे इंतजार के बाद मृतका समेत सभी श्रद्धालु शुभ मुहूर्त में गंगा में डुबकी लगाने के साथ ही पूजा-अर्चना की. कुछ ही देर बाद दिल का दौरा पड़ने से वृद्धा की मौत हो गयी. इस घटना के बाद साथ गये परिजनों व ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गयी. पुलिस को सूचना दी गयी. स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही थी.
बता दें कि मृतका त्रिवेणी देवी के ससुर स्व सूर्यकांत झा जंग-ए-आजादी के सिपाही थे. अंग्रेजी हुकूमत द्वारा उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनायी गयी थी. वह गांव के नौ अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के साथ अंग्रेजी शासनकाल में जेल की सजा काटे थे.
