हादसा . सुप्पी के सोनाखान व शहर के उर्विजा कुंड में हुई घटना
रालोसपा नेता का पुत्र था रितेश कुमार
सीतामढ़ी/सुप्पी : कार्तिक पूर्णिमा पर नदी स्नान के दौरान शनिवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर डूबने से एक किशोर व एक युवक समेत दो की मौत हो गयी.
सीतामढ़ी शहर के पुनौरा धाम मंदिर परिसर स्थित उर्विजा कुंड में स्नान के दौरान शहर से सटे शांतिनगर मुहल्ला निवासी सह रालोसपा नेता सरोज कुमार मिश्रा का 19 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार डूब गया. स्थानीय लोगों द्वारा शव की तलाश की गयी, लेकिन शव नहीं मिला. सूचना के बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर मुकेशचंद्र कुंवर द्वारा एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया. एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम शव को बरामद करने में सफलता पायी है. घटना के बाद रितेश के परिजनों में कोहराम मच गया है. मृतक मूल रूप से बाजपट्टी थाने के पटदौरा का निवासी है. उसके पिता निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर तैनात है.
वहीं वह बाजपट्टी प्रखंड रालोसपा किसान सेल के अध्यक्ष है. वह सपरिवार शांतिनगर में रहते है. दो पुत्रों में रितेश बड़ा था. वह मैट्रिक का छात्र था. उधर, सुप्पी सहायक थाना क्षेत्र के सोनाखान स्थित बागमती नदी से एक शव बरामद हुआ है. स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शव की पहचान सुप्पी सहायक थाना क्षेत्र के गम्हरिया निवासी स्व इंदल सिंह के इकलौते पुत्र 12 वर्षीय गौतम कुमार के रूप में की गयी है.
परिजनों ने बताया की गौतम शनिवार को गांव से पश्चिम स्थित बागमती नदी में सामा-चकेवा की मूर्ति विसर्जित करने गया था. लेकिन वह घर नहीं लौटा. परिजनों द्वारा उसकी तलाश जारी थी. इसी बीच सोनाखान गांव के समीप बागमती नदी से पुलिस ने शव बरामद किया.
