बैरगनिया/रीगा : न्यू क्षत्रिय संगठन नामक आपराधिक गैंग के सदस्यों के निशाने पर थे सीतामढ़ी व शिवहर के कई व्यवसायी. इस संगठन के सदस्यों द्वारा रंगदारी नहीं मिलने पर शिवहर के एक किराना व्यवसायी की हत्या की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन बदमाशों के कॉल डिटेल के आधार पर पटना से पहुंची एसटीएफ की टीम ने रीगा व बैरगनिया पुलिस के सहयोग से अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर आर्म्स के साथ चार बदमाशों को दबोच लिया.
अपराधियों के निशाने पर थे दो जिलों के कई व्यवसायी
बैरगनिया/रीगा : न्यू क्षत्रिय संगठन नामक आपराधिक गैंग के सदस्यों के निशाने पर थे सीतामढ़ी व शिवहर के कई व्यवसायी. इस संगठन के सदस्यों द्वारा रंगदारी नहीं मिलने पर शिवहर के एक किराना व्यवसायी की हत्या की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन बदमाशों के कॉल डिटेल के आधार पर पटना से पहुंची एसटीएफ की […]

पुलिस ने वैसे तो आठ लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में चार को मुक्त कर दिया. गिरफ्तार बदमाशों में न्यू क्षत्रिय संगठन के शूटर बैरगनिया थाना के जमुआ निवासी पप्पू पटेल, मेजरगंज थाना के नरकटिया निवासी सूरज सिंह व रीगा थाना के बभनगामा के सुजीत कुमार ठाकुर तथा संदीप कुमार शामिल है. पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बदमाशों के पास से दो लोडेड देसी पिस्टल, चोरी की एक बाइक, तीन सिम लगा मोबाइल व हत्या के बाद घटना स्थल पर छोड़े जाने वाला न्यू क्षत्रिय संगठन का पर्चा भी बरामद किया था. पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमवार को चारों बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिसिया पूछताछ में बदमाशों ने कई अहम खुलासे किये है. बदमाशों ने बताया कि न्यू क्षत्रिय संगठन के प्रमुख मुकेश सिंह के इशारे पर वे लोग शिवहर व रीगा के दो बड़े किराना व्यवसायी की हत्या करने के फिराक में थे.
इसी के तहत रीगा स्टेशन के पास सुजीत ठाकुर, संदीप कुमार व सूरज सिंह प्लानिंग कर रहा था. बदमाशों द्वारा किराना व्यवसायी की हत्या की प्लानिंग की भनक पटना एसटीएफ को मोबाइल लोकेशन के आधार पर लग गयी.
उसके बाद पटना एसटीएफ की टीम स्थानीय पुलिस के साथ तीनों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार तीनों बदमाशों की निशानदेही पर टीम ने बैरगनिया के जमुआ निवासी कुख्यात पप्पू पटेल को चकवा बांध के पास से गिरफ्तार कर लिया. बैरगनिया थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया की पप्पू पटेल के खिलाफ लूट व बम विस्फोट के दो संगीन मामले बैरगनिया थाना में दर्ज है. वहीं उसके विरुद्ध पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना में लूट व आर्म्स एक्ट के तीन व रक्सौल रेल थाना में लूट के एक मामला दर्ज है. वह बाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. वहीं सुजीत कुमार ठाकुर का भाई शातिर रणजीत ठाकुर व न्यू क्षत्रिय संगठन के सरगना मुकेश सिंह मेजरगंज में सड़क व पुल निर्माण कंपनी के मुंशी की हत्या मामले में मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में बंद है.
मुकेश सिंह के इशारे पर ही गिरफ्तार बदमाश व्यवसायियों की हत्या की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे. बताया की घटना स्थल पर मुकेश सिंह के नाम का पर्चा छोड़कर रंगदारी के लिए व्यवसायियों में खौफ पैदा करना इनका मकसद था. लेकिन एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने बदमाशों के प्लानिंग पर पानी फेर दिया है. बताया की इन बदमाशों की गिरफ्तारी से एक बड़ी घटना टल गयी है. वहीं पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. छापेमारी टीम में एसटीएफ के अलावा बैरगनिया थानाध्यक्ष सुजीत कुमार व रीगा थानाध्यक्ष ललन कुमार शामिल थे.