बिहार में बाढ़ से जिनके घर टूटे, उन्हें मिलेगी PM आवास की राशि, शिवराज सिंह चौहान बोले- स्थायी समाधान खोज रही केंद्र सरकार

Bihar Flood Update: बिहार में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है. कई जिलों में फसल, घर और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिनके घर टूटे हैं, उन्हें पीएम आवास की राशि मिलेगी. साथ ही केंद्र सरकार नुकसान के आकलन के बाद हरसंभव मदद करेगी.

Bihar Flood Update: बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निरीक्षण के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. इस दौरान बाढ़ की स्थिति और नुकसान को करीब से देखने का मौका मिला.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार के 15 जिलों में बाढ़ का असर है. करीब 88 प्रखंड और 575 पंचायत प्रभावित हैं. उन्होंने बताया कि करीब 2500 गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है. करीब 60 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई है और लगभग 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. ताजा सरकारी आंकड़ों में भी 15 जिलों में करीब 49.7 लाख लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आई है.

तटबंधों को लेकर भी बोले शिवराज

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ से फसलों के साथ पशुओं को भी नुकसान हुआ है. इंसानी जिंदगी भी प्रभावित हुई है. उन्होंने बताया कि करीब 15 जगह तटबंध टूटने का खतरा पैदा हुआ था.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार सरकार ने समय रहते तटबंधों की मरम्मत कराई. इससे बड़े नुकसान को रोकने में मदद मिली. उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया.

राहत शिविरों का भी किया दौरा

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने राहत शिविरों का भी दौरा किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रयास उन्हें अच्छे लगे. प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी पाठशालाएं भी शुरू की गई हैं.

उन्होंने बताया कि बिहार सरकार की ओर से करीब 8 लाख प्रभावित लोगों को सात-सात हजार रुपये की सहायता दी गई है. जिन्हें अब तक राशि नहीं मिली है, उन्हें भी सहायता देने की बात कही गई है. राज्य सरकार ने 8.27 लाख प्रभावित परिवारों को 579 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता डीबीटी के जरिए भेजी है.

केला और मक्का की फसल को भारी नुकसान

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से केला और मक्का समेत कई फसलों को भारी नुकसान हुआ है. अब कृषि विभाग यह तय करेगा कि प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक तौर पर कौन-सी फसलें उगाई जा सकती हैं.

उन्होंने कहा कि वैकल्पिक फसलों के लिए किसानों को बीज उपलब्ध कराने में केंद्र सरकार मदद करेगी. इससे बाढ़ प्रभावित किसानों को आगे की खेती में सहायता मिल सकेगी.

जिनके घर टूटे, उन्हें PM आवास की मदद

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ में जिन लोगों के घर टूटे हैं, उन्हें ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सहायता दी जाएगी.

उन्होंने कहा कि अभी बाढ़ से हुए नुकसान का पूरा आकलन नहीं हुआ है. सड़कों, पुल-पुलिया और पेयजल व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है. इन सभी नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

बिहार सरकार भेजेगी नुकसान की रिपोर्ट

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार सरकार नुकसान का पूरा आकलन कर केंद्र को रिपोर्ट भेजेगी. इसके बाद केंद्र की ओर से बिहार को आवश्यक सहयोग दिया जाएगा.

उन्होंने कहा, ''बिहार के लोगों को कहना चाहता हूं कि हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार का सहयोग करने के लिए तैयार हैं.''

बाढ़ और सुखाड़ दोनों से जूझता है बिहार

केंद्रीय मंत्री ने बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ और सुखाड़ की समस्या का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक तरफ बिहार बाढ़ की परेशानी झेलता है, तो दूसरी तरफ कई इलाकों में सुखाड़ की स्थिति बनती है.

उन्होंने कहा कि दोनों समस्याओं का सामना बिहार के लोग करते हैं. ऐसे में इसका स्थायी समाधान जरूरी है. बिहार सरकार के सहयोग से केंद्र सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान खोजने की दिशा में काम कर रही है.

ट्रैक्टर पर सवार होकर किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. हाजीपुर में दोनों नेता केंद्रीय टीम के अन्य सदस्यों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे. केंद्रीय टीम ने फसलों, सड़कों और बाढ़ से हुए नुकसान की स्थिति देखी.

Also Read: प्रभात खबर के पत्रकार से मारपीट मामले में निशांत कुमार का एक्शन, सहरसा जिला प्रशासन से तलब की रिपोर्ट, बोले- जल्द होगी कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >