Sheikhpura Youth Skating to Deoghar : शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय नगर पंचायत क्षेत्र के शेखोपुरडीह गांव से शनिवार को चार युवा स्केटिंग करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए रवाना हुए. सभी युवा गांव के बाबा भोले शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सड़क मार्ग से अपनी यात्रा पर निकले.
ग्रामीणों में उत्साह और देवघर रवाना हुए चार युवा
सावन माह में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस यात्रा को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा. देवघर के लिए रवाना होने वालों में 21 वर्षीय कुणाल कुमार, 18 वर्षीय मिथुन कुमार, 22 वर्षीय शशि कुमार एवं 23 वर्षीय सतीश कुमार शामिल हैं.
जिले में पहली बार स्केटिंग के जरिए अनोखी यात्रा
ग्रामीणों ने बताया कि शेखपुरा जिले में पहली बार युवा स्केटिंग के माध्यम से देवघर की यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे हैं. यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने चारों युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की.
राहगीरों का उत्साहवर्धन और क्षेत्र में चर्चा
वहीं, रास्ते में भी राहगीरों ने उनका उत्साहवर्धन किया और बाबा भोलेनाथ से उनकी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की. युवाओं की इस अनूठी पहल की क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है.
