Sheikhpura Police Action : पुलिस ने शेखपुरा के विभिन्न थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया. इसमें सबसे ज्यादा चार लोगों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया. लेकिन दो व्यक्तियों को शराब की तस्करी करते हुए मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया.
इस दौरान चलाए गए अभियान में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्र में सड़कों पर 1 लाख 72 हजार रुपये जुर्माना के रूप में वाहनों से भी संग्रहित किया. पुलिस ने एक वारंटी के साथ-साथ एक इश्तेहार वारंटी को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई.
रात्रि गश्ती, वाहन जांच और सुरक्षा मानक
इस संबंध में पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी हिमांशु के निर्देशानुसार सभी थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस द्वारा सड़कों पर चलने वाले वाहनों की सघन तलाशी लेने का काम भी लगातार जारी है.
पुलिस द्वारा विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थानों के आसपास भी सुरक्षा मानकों के अनुसार गश्ती, तलाशी इत्यादि का काम लगातार किया जा रहा है.
सिरारी थाना क्षेत्र से वारंटी की गिरफ्तारी
सिरारी थाना पुलिस ने स्थानीय न्यायालय से निर्गत गैर जमानतीय वारंट के आधार पर मनिंडा गांव से मो. कलीमुद्दीन को गिरफ्तार किया.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिरारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि मो. आफाक अंसारी के पुत्र कलीमुद्दीन पर चोरी का मामला दर्ज था. इस संबंध में उनके न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
कैथवा गांव से गिरफ्तारी और न्यायालय में प्रस्तुतिकरण
उधर, पुलिस ने कैथवा गांव से एक अन्य शराब मामले में फरार वारंटी कारू चौधरी के पुत्र धर्मेंद्र चौधरी को भी गिरफ्तार किया. दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया.
