शेखपुरा में स्कॉर्पियो और बाइक की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Sheikhpura News: शेखपुरा के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ओनमा गांव के पास स्टेट हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में काम से घर लौट रहे रमजानपुर निवासी सोनू कुमार की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल युवकों में से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे पावापुरी विम्स (VIMS) रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है.

Sheikhpura News (चतुरानन्द मिश्रा): शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ओनमा गांव के समीप स्टेट हाईवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में से एक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक पेंटिंग (रंग-रोगन) का काम करते थे. रविवार को वे किसी गांव से अपना काम खत्म कर बाइक पर सवार होकर अपने घर रमजानपुर लौट रहे थे. इसी दौरान बरबीघा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी.

डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस टीम को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान सोनू कुमार (18 वर्ष, पिता- कैलू रविदास) ने दम तोड़ दिया.

एक घायल की हालत नाजुक, पावापुरी रेफर

इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल आशिक कुमार (18 वर्ष, पिता- लालू रविदास) की स्थिति नाजुक बनी हुई है. स्थानीय अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स (VIMS) रेफर कर दिया है. वहीं, तीसरे घायल युवक अमरजीत कुमार (17 वर्ष, पिता- उपेंद्र रविदास) का इलाज स्थानीय अस्पताल में ही चल रहा है.

परिजनों में मचा कोहराम, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इस हादसे की खबर जैसे ही मृतक के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.

इस संबंध में शेखोपुरसराय थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया है. दुर्घटना का कारण बनी स्कॉर्पियो और मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.

Also Read: नालंदा में कानूनी अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक, घरेलू हिंसा और बाल विवाह पर हुई चर्चा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >