बिहार राज्य व्यवहार न्यायालय कर्मचारी संघ के आह्वान पर आगामी 9 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय आमसभा में भाग लेने के लिए शेखपुरा जिला न्यायालय कर्मचारी संघ ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है.
संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का निर्णय लिया है.
इस संबंध में संघ के महासचिव कुमार मंजेश, मीडिया प्रभारी अजीत कुमार, दिनेश चंद्र, राजेश कुमार एवं मो. तनवीर आलम ने संयुक्त रूप से बताया कि शेखपुरा जिला से बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मचारी आमसभा में शामिल होंगे.
कर्मचारियों की लंबित मांगें और आंदोलन का उद्देश्य
यह आमसभा न्यायालय कर्मचारियों की लंबित मांगों, वेतन विसंगति, सेवा शर्तों में सुधार, पदोन्नति, कैडर पुनर्गठन तथा अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है.
मीडिया को जानकारी देते हुए बिहार राज्य व्यवहार न्यायालय कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन सचिव एवं जिला इकाई के मीडिया प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि इस बार संगठन ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है.
आमसभा पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित होगी, जिसमें सरकार के समक्ष न्यायालय कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं को मजबूती से रखा जाएगा.
सरकार पर उपेक्षा का आरोप और कर्मचारियों की भूमिका
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार लंबे समय से न्यायालय कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की उपेक्षा करती रही है तथा कई महत्वपूर्ण आश्वासनों को अब तक पूरा नहीं किया गया है. अजीत कुमार ने कहा कि न्यायालय कर्मचारी न्यायिक व्यवस्था की रीढ़ हैं.
Also Read : आरा में जहर खाने से अधेड़ समेत दो की तबीयत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती
वे 24 घंटे न्यायिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. न्याय की प्रक्रिया को गति देने, न्यायालयों के दैनिक संचालन तथा आम लोगों तक समय पर न्याय पहुंचाने में न्यायालय कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है.
आमसभा को लेकर विश्वास और संगठन की एकजुटता
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 9 अगस्त की आमसभा कर्मचारियों की एकता, संगठन की मजबूती और उनके अधिकारों की लड़ाई में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगी.
