Shiekhpura News : अरियरी प्रखंड के बेलछी गांव में कीचड़मय रास्ते और पेयजल की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. बारिश और नाली के पानी के कारण हाई स्कूल जाने वाला रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार, इस रास्ते से गुजरने के दौरान कई छात्र साइकिल से गिरकर चोटिल हो चुके हैं.
चार टोले के लोगों की बढ़ी परेशानी
इसी रास्ते से बेलछी बेलदरिया, मनकौल रोड और पासवान टोला के लोग भी आवागमन करते हैं. सड़क पर कीचड़ जमा होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने जल्द रास्ते की स्थिति सुधारने की मांग की है.
10 घरों तक नहीं पहुंची नल-जल योजना
गांव के मोहल्ले में करीब 10 घर ऐसे हैं, जहां अब तक नल-जल योजना की पाइपलाइन नहीं पहुंची है. ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के घरों में नल का जल पहुंच रहा है, लेकिन उनके घरों तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है.
चापाकल भी नहीं, दूसरे टोले से लाते हैं पानी
पेयजल की समस्या के बीच इन घरों में चापाकल की सुविधा भी नहीं है. ऐसे में ग्रामीणों को दूसरे टोले से पानी लाकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है. इससे खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पेयजल की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और प्रभावित घरों तक पेयजल की सुविधा पहुंचाने की मांग की है.
ALSO READ : गया जी : फेकनी देवी हत्याकांड में पति मनोज बिंद नामजद, बेटे के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
