sheikhpura News: जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के नवीनगर ककरार गांव में शनिवार की देर शाम किराना दुकान से अंडा खरीदने के दौरान हुए विवाद में दुकानदार ने 11वीं कक्षा के किशोर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में किशोर बुरी तरह घायल हो गया. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गये.
घायल 17 वर्षीय किशोर को ग्रामीणों की सहायता से आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. घायल की पहचान मो सनौवर के पुत्र अल्तमस के रूप में हुई है. वह शेखपुरा शहर स्थित इस्लामिया हाई स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र बताया गया है.
अंडा नहीं मिलने पर हुआ मामूली विवाद
घायल किशोर के पिता ने बताया कि उनका पुत्र गांव के ही मो शान की दुकान से अंडा लाने गया था. दुकान में अंडा नहीं रहने पर दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ. इसी दौरान मो शान ने चाकू से उनके पुत्र के सिर और शरीर पर कई वार कर दिये, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान किशोर के शरीर पर पांच से अधिक गहरे घाव के निशान मिले हैं. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी. पुलिस ने मामले की जानकारी ली और घटना की जांच शुरू की. अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
