Sheikhpura News: शेखपुरा पुलिस ने 'पीपुल फ्रेंडली पुलिसिंग' (People-Friendly Policing) की एक बेहतरीन मिसाल पेश करते हुए जिले के 50 लोगों को उनके चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन वापस लौटा दिए हैं. बुधवार को जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पुलिस कप्तान (SP) हिमांशु ने खुद मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे.
लौटाए गए 50 मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 36 हजार रुपये बताई गई है. इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राकेश कुमार सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.
"ऑपरेशन मुस्कान" के तहत अब तक 300 लोगों को लौटाए जा चुके हैं मोबाइल: SP
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी हिमांशु ने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है. सरकार के 'ऑपरेशन मुस्कान' अभियान के तहत शेखपुरा पुलिस अब तक करीब 300 से अधिक लोगों को उनके खोए और चोरी हुए मोबाइल वापस दिला चुकी है.
एसपी ने इस सफलता के लिए जिला पुलिस की तकनीकी शाखा (Technical Cell) के पदाधिकारियों और कर्मियों के लगन की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत करने का भी ऐलान किया.
CEIR पोर्टल पर दर्ज कराएं खोए मोबाइल की शिकायत
एसपी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का मोबाइल चोरी या गुम हो जाता है, तो वे भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा जारी अखिल भारतीय पोर्टल CEIR (Central Equipment Identity Register) पर सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
उन्होंने बताया CEIR पोर्टल या नजदीकी थाने में सनहा/प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद पुलिस इसी पोर्टल के माध्यम से फोन को तुरंत ब्लॉक और ट्रैक करने की कार्रवाई शुरू कर देती है. एसपी ने आम लोगों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन पर भरोसा रखें और पुलिस की कार्यप्रणाली में सहयोग करें. अपने वर्षों से खोए और कीमती मोबाइल फोन वापस पाकर सभी 50 लोगों ने बेहद खुशी जाहिर की और शेखपुरा पुलिस तथा एसपी के प्रति दिल से आभार जताया.
