Sheikhpura News: शेखपुरा जिले के ऐतिहासिक कुशेढ़ी गांव स्थित प्रसिद्ध 'पंचबदन स्थान शिव मंदिर' में इस वर्ष सावन महोत्सव 2026 को सरकारी स्तर पर धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. शेखपुरा के जिलाधिकारी (DM) शेखर आनंद ने इस भव्य आयोजन के सफल संचालन हेतु अपनी अध्यक्षता में 9 सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है.
यह पहला अवसर होगा जब पंचबदन स्थान में राजकीय/सरकारी स्तर पर श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इसके लिए राज्य सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा 7 लाख रुपये की राशि का आवंटन किया गया है.
समिति में शामिल पदाधिकारी
जिलाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में गठित 9 सदस्यीय समिति में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और न्यास समिति को जिम्मेदारी दी गई है:
- अध्यक्ष: जिलाधिकारी (DM), शेखपुरा
- सदस्य सचिव: जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, शेखपुरा
- सदस्य: अपर समाहर्ता (AC), एडीएम लोक शिकायत सह नोडल अधिकारी (पर्यटन), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), वरीय कोषागार पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी (CO) बरबीघा तथा पंचबदन स्थान न्यास समिति की सचिव शोभा देवी.
बरबीघा विधायक के प्रयास से मिली स्वीकृति
उल्लेखनीय है कि पंचबदन स्थान शिव मंदिर को राज्य सरकार के अधीन किए जाने के बाद बरबीघा के वर्तमान विधायक कुमार पुष्पंजय ने बिहार विधानसभा में सावन महोत्सव को सरकारी स्तर पर आयोजित करने की मांग उठाई थी.
विधायक की पहल और पर्यटन विभाग की सहमति के बाद राशि का आवंटन किया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में काफी हर्ष और उत्साह का माहौल है.
Also Read: शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र में दो इस्तेहार वारंटी गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
