Sheikhpura Computer Lab : शेखपुरा के बरबीघा विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय में डिजिटल संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में शिक्षक दिवस के अवसर पर मेंहुस हाईस्कूल में कंप्यूटर लैब की शुरुआत की गई. नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड (एनएफएल) के सीएसआर फंड से उपलब्ध करायी गई कंप्यूटर लैब का उद्घाटन भाजपा की प्रदेश नेत्री और नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड की पूर्व स्वतंत्र निदेशिका डॉ. पूनम शर्मा ने फीता काटकर किया.
एनसीसी कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
विद्यालय पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स ने डॉ. पूनम शर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. पूनम शर्मा, मुखिया जयराम सिंह और स्कूल के प्राचार्य मुकेश कुमार समेत अन्य ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. प्राचार्य की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. पूनम शर्मा और मुखिया जयराम सिंह का गुलदस्ता और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया.
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को मिलेगा कंप्यूटर शिक्षा का लाभ
प्राचार्य मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है. ऐसे में कंप्यूटर लैब शुरू होने से बड़ी संख्या में बच्चों को इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने कंप्यूटर लैब उपलब्ध कराने के लिए डॉ. पूनम शर्मा का आभार जताया.
कंप्यूटरों की संख्या दोगुनी करने और पैड मशीन लगाने की मांग
प्राचार्य ने आगे कंप्यूटरों की संख्या दोगुनी करने और छात्राओं के लिए पैड मशीन लगाने की मांग रखी. इस पर डॉ. पूनम शर्मा ने सहमति जतायी. मुखिया जयराम सिंह ने भी विद्यालय में कंप्यूटर लैब उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की.
डिजिटल शिक्षा को विद्यार्थियों के लिए बताया जरूरी
उद्घाटन के दौरान डॉ. पूनम शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर शिक्षा बेहद जरूरी है. तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण जरूरत है. संसाधन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों में नई तकनीक सीखने की रुचि बढ़ेगी और आगे की पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उन्हें इसका लाभ मिलेगा.
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर
डॉ. पूनम शर्मा ने कहा कि किताबी और नैतिक शिक्षा के साथ तकनीकी शिक्षा से बच्चों को जोड़ना जरूरी है. उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे.
कई स्कूलों में उपलब्ध करायी गई कंप्यूटर लैब
बताया गया कि डॉ. पूनम शर्मा पूर्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से भी जुड़ी रही हैं. एनएफएल में स्वतंत्र निदेशिका के पद पर रहते हुए उन्होंने नवादा, नालंदा, शेखपुरा समेत अन्य जिलों के कई स्कूलों में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कंप्यूटर लैब और अन्य प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का काम किया.
छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पूनम शर्मा ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया. उन्होंने विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को तकनीकी शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Also Read : शेखपुरा डीएम ने की PM मुफ्त सूर्य घर योजना की समीक्षा, लक्ष्य पूरा करने का अधिकारियों को मिला टारगेट
