शेखपुरा जिले के मेहूस थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ओरैया मोड़ के समीप एक बाइक से शराब की खेप लेकर नालंदा से शेखपुरा आ रहे एक तस्कर को रंगेहाथ पकड़ लिया. वाहन जांच अभियान का नेतृत्व मेहूस थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की.
इस बाबत थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय थाना पुलिस शेखपुरा और नालंदा के सीमांकन पर अवस्थित औरैया मोड़ के निकट वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. उसी दौरान एक बाइक से शराब की खेप थैले में छुपाकर नालंदा से शेखपुरा पहुंचाने आ रहा था. अचानक पुलिस को देखकर वह बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया. लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़ कर धर दबोचा.
गिरफ्तार तस्कर की पहचान नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इसुआ गांव निवासी डोमन राम के पुत्र अनिल राम के रूप में की गई है. पुलिस ने उसके पास से एक थैले में छुपाकर रखे गए 44 पाउच शराब बरामद किया गया.
उन्होंने कहा कि बरामद शराब और बाइक को पुलिस ने जब्त कर ली. जबकि गिरफ्तार अंतरजिला गिरोह के तस्कर के विरुद्ध स्थानीय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर उसे शेखपुरा जेल भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्कर के अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है.
