Giriraj Singh's 74th birthday : शेखपुरा में केंद्रीय कपड़ा मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेता गिरिराज सिंह का 74वां जन्मदिन बुधवार को शेखपुरा में समारोहपूर्वक मनाया गया. शहर के स्टेशन रोड स्थित भाजपा कार्यालय में हर साल की तरह इस बार भी जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद प्रतिनिधि विपिन मंडल ने किया. इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर गिरिराज सिंह का जन्मदिन मनाया और मौजूद लोगों के बीच मिठाई व केक का वितरण किया.
भाजपा कार्यालय में काटा गया केक
जन्मदिन समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और गिरिराज सिंह के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी और संगठन के लिए उनके नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका है. इस मौके पर मौजूद लोगों ने उनके नेतृत्व के प्रति अपनी आस्था भी जताई.
सदर अस्पताल में मरीजों के बीच बांटे फल और ब्रेड
जन्मदिन समारोह के बाद भाजपा नेता विपिन मंडल अपने समर्थकों के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती और इलाजरत मरीजों के बीच फल और ब्रेड का वितरण किया. मरीजों का हालचाल भी जाना गया. इस पहल के जरिए जन्मदिन समारोह को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का प्रयास किया गया.
भाजपा-जदयू के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर बिंद, संजय कुमार उर्फ कारू सिंह, डॉ. मणिकांत कुमार, हीरालाल सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि चंदन सिंह, राजीव कुमार, मनोज कुमार सिन्हा, भूपेश कुमार, मुकेश सिंह, अवध किशोर पांडेय, बलराम आनंद सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. जदयू नेता संतोष कुमार शंकु समेत भाजपा और जदयू के बड़ी संख्या में स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं ने भी समारोह में हिस्सा लिया. सभी ने गिरिराज सिंह के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में अपना विश्वास जताया.
