Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के बीबी सोगरा वक्फ स्टेट की पट्टे की जमीन दूसरे लोगों को दिए जाने के विरोध में चेवाड़ा प्रखंड के बेंगुचा गांव के दर्जनों किसान सोमवार को समाहरणालय पहुंचे. किसानों ने जिला पदाधिकारी शेखर आनंद से हस्तक्षेप कर उनकी खेती और आजीविका बचाने की गुहार लगाई.
पीढ़ियों से कर रहे हैं खेती
किसानों का कहना है कि वे अपने पूर्वजों के समय से बीबी सोगरा वक्फ स्टेट की जमीन पट्टे पर लेकर खेती करते आ रहे हैं. पट्टे की शर्तों के अनुसार वे उपज का निर्धारित हिस्सा वक्फ स्टेट के बराहिल और पटवारी को देते रहे हैं. इसी खेती से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है.
बिना सूचना दूसरे लोगों को दे दी जमीन
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस बार बिना किसी पूर्व सूचना या वार्ता के करीब डेढ़ से दो सौ परिवारों द्वारा जोती जा रही जमीन तीन-चार अन्य लोगों को पट्टे पर दे दी गई. जबकि कई किसान धान की नर्सरी तैयार कर चुके हैं और कुछ खेतों में रोपाई भी शुरू कर चुके हैं. ऐसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
रोजी-रोटी पर मंडराया संकट, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
किसानों ने कहा कि वे भूमिहीन हैं और खेती ही उनकी आय का एकमात्र साधन है. यदि उनसे जमीन छीन ली गई तो उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पुराने पट्टेदारों के हितों की रक्षा करने की मांग की. समाहरणालय पहुंचे किसानों में रामजतन मांझी, गोरलाल पासवान, मिथुन साव, अजीत साव, जितेंद्र रविदास, मनोहर यादव, लक्ष्मण रविदास, चांदो रविदास, मंटू दास, राजेंद्र रविदास समेत अन्य शामिल थे. सभी ने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की.
