आक्रोश. युवक की हत्या को लेकर जताया विरोध
हावड़ा- गया एक्सप्रेस के यात्री शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर घंटों फंसे रहे
शेखपुरा : किऊल-गया रेलखंड के नवादा जिला स्थित मय मनिओडी गांव में युवक की हत्या पर रेल मार्ग बाधित किये जाने के बाद रेखखंड पर तीन घंटे तक यातायात ठप रहा. इस दौरान रेलखंड के शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर हावड़ा गया एक्सप्रेस सुबह 8:15 बजे पहुंचने के बाद करीब तीन घंटे तक खड़ी रही.
इस बाबत एसएम ब्रजेश कुमार ने बताया कि दानापुर कंट्रोल से उन्हें सूचना मिली थी कि नवादा और वारसलीगंज के बीच लोगों ने किसी घटना को लेकर रेल रोक रखा है. इसको लेकर गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को शेखपुरा स्टेशन पर रोका गया. करीब तीन घंटों तक यात्री के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. मौके पर यात्रियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा.
लोग हर मिनट ट्रेन की जानकारी लेना चाह रहे थे. एसएम ने बताया कि इस घटना के बाद क्यूल गया रेल खंड पर जमालपुर गया कुरौता स्टेशन पर रोकी गयी है, जबकि झाझा गया ट्रेन नवादा, किऊल-गया ट्रेन वारसलीगंज, गया रामपुरहाट ट्रेन नवादा स्टेशन पर रोक दी गयी है. रेलखंड पर ट्रेन बाधित रहने से काफी परेशानी हुई. हालांकि इस घटना के बाद करीब 11:15 में ट्रेन परिचालन बहाल किया गया.
