बैठक में मंत्री व अन्य .
शेखपुरा : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को यहां जिला विकास व निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलों में चलाये जा रहे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर चिंता व्यक्त की है. जिले में सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों में बच्चों के ड्रॉप आउट पर गहरी नाराजगी प्रकट की. उन्होंने बताया कि जिले के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में 1.37 लाख नामांकित बच्चों में से दसम तक यह संख्या गिर कर 13 हजार पर आ जाती है.
इसी प्रकार जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत सुस्त संचालन पर भी नाराजगी प्रकट की. इस महत्वाकांक्षी योजना के समन्वयक के बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और आगे की बैठक में इस योजना की विस्तृत जानकारी के साथ आने को कहा गया.
इस बैठक में जिला परिषद् अध्यक्षा निर्मला कुमारी के साथ बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधि, प्रमुख मुखिया के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे. बैठक की जानकारी देते हुए जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी योगेंद्र कुमार लाल ने बताया कि बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण व शहरी आवास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, ग्रामीण व शहरी पेयजल योजना, आंगनबाड़ी, सर्व शिक्षा अभियान, कृषि, सिंचाई, मध्याह्न भोजन योजना, रेल, उच्च पथ आदि की समीक्षा की. बैठक में सितंबर माह में हुए इस संबंध में बैठक में दिये गये निर्देशों की समीक्षा की गयी.
