ठेकेदार की लापरवाही से स्टेशन पर कई दिनों से है गड्ढा
सिलाव : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रेलवे ठेकेदार द्वारा दो फुट चौड़ा और दस फुट गहरा होल कर छोड़ दिया गया है. इसके कारण इस स्टेशन पर रात्रि के समय उतरने वाले रेलयात्रियों को भारी फजीहत हो रही है. अब तक इस गड्ढे (होल) में गिरने से आधा दर्जन से अधिक लोगों के हाथ-पैर टूट चुके हैं.
इतना सब कुछ होने के बावजूद रेलवे प्रशासन अनजान बना हुआ है. बुधवार की रात्रि में दानापुर-राजगीर पैसेंजर ट्रेन से उतरी प्रियंका कुमारी स्टेशन परिसर में अंधेरा रहने के कारण उस गड्ढे में गिर गयी. प्रियंका को स्थानीय लोगों के सहयोग से गड्ढे से बाहर निकाला गया. इस घटना में प्रियंका गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. उसे इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. इस संबंध में पूछे जाने पर टिकट खिड़की पर बैठे कर्मचारी ने बताया कि स्टेशन के गड्ढे(होल) को भरने के लिए ठेकेदार को कई बार कहा गया है, मगर ठेकेदार द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है.
स्टेशन पर के इस गड्ढे को जल्द नहीं भरा गया तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है. स्टेशन परिसर में जहां हरदम लोगों का आना-जाना लगा रहता है. इस तरह की स्थिति लोगों को बेचैन करने वाली है. कई स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्री इसके लिए हड़बड़ी में रहते हैं कि कहीं उनका ट्रेन ही न छूट जाय. स्टेशन परिसर का यह गड्ढा यात्रियों के लिए काफी कष्टदायक साबित हो रहा है.
