जानकारी देने वालों का नाम गुप्त रखा जायेगा
शेखपुरा : जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण का काम अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है. जिले में महुआ से शराब बनाने के कुख्यात स्थानों पर हालांकि कारोबारी शराब बनाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं. पुलिस के साथ-साथ आबकारी भी अवैध देशी शराब को नेस्तानाबूद करने का बीड़ा उठा लिया है. उत्पाद विभाग ने छापामार दस्ता ने सोमवार को मेहुस थाना क्षेत्र के रामगढ़, रामनगर, लक्ष्मीपुर आदि गांवों में छापेमारी की.
छापेमारी में हालांकि वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ, परंतु उन स्थानों पर शराब निर्माण के कार्य जारी रहने के सबूत मिले हैं. उत्पाद अधीक्षक विकेश कुमार ने बताया कि जिले के किसी भी भाग में देशी शराब का कारोबार चलने का सवाल ही नहीं उठता. किसी भी गुप्त सूचना या अफवाह पर भी मौके पर जाने के लिए उत्पाद विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में बल मौजूद है. उत्पाद विभाग को यहां सैप के 15 और होमगार्ड के 30 जवान उपलब्ध है,
जो मिनट की सूचना पर जिले के किसी भी भाग में छापेमारी के लिए तैयार है. विभाग के पास पर्याप्त संख्या में वाहन भी मौजूद है. उन्होंने बताया कि उत्पाद अधिनियम के नये प्रावधानों में देशी शराब के निर्माण या बिक्री वाले मकान को विभाग द्वारा सील या ध्वस्त भी किया जा सकता है. पहले इस संबंध में केवल शराब के साथ गिरफ्तार कर लोगों को जेल भेजा जाता था. उन्होंने हालांकि जिले में अवैध शराब निर्माण से इनकार किया है.
परंतु आम लोगों से आग्रह किया है कि कहीं भी अवैध शराब के कारोबार चलने की सूचना उनके मोबाइल नंबर 94734006327 के साथ-साथ जिला प्रशासन के टेलीफोन नंबर 06341-223100 तथा 223001 पर दिया जा सकता है. इन सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी तथा सूचना देने वालों के नाम पता भी गुप्त रखा जायेगा.
