शेखपुरा : अवैध देशी शराब के कारोबार रोकने की पूरी जिम्मेवारी थानाध्यक्षों को दी गयी है. शराब के कारोबार होते पाये जाने पर थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह व एसपी राजेंद्र कुमार भील ने शराब बंदी को लेकर बुलायी गयी बैठक में कही.
बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्ष,ओपी प्रभारी,अंचलाधिकारी के साथ-साथ डीडीसी निरंजन कुमार झा,एडीएम जवाहर लाल सिन्हा,एसडीओ सुबोध कुमार,उत्पाद अधीक्षक विकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद थे. बैठक में सरकार द्वारा पहली अप्रैल से लागू शराब बंदी को सख्ती से लागू करने के उपयों पर विचार करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी. जिले के 16 कुख्यात स्थानों पर शराब बंदी के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को स्वरोजगार देने के उपायों पर भी चर्चा की गयी.
जीविका के माध्यम से इन लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर विचार किया गया. जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी योगेंद्र कुमार लाल ने बताया कि बैठक में शराब बंदी के लिए किये गये उपायों के बारे में समीक्षा की गयी. साक्षरता के कला जत्था द्वारा जागरूकता अभियान, दीवार लेखन तथा स्कूली बच्चों द्वारा अभिभावकों से आजीवन शराब सेवन नहीं करने के संकल्प पत्र आदि भरने के काम की समीक्षा की गयी.
