Sheohar News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र और वीर शहीदों के सम्मान में जिला प्रशासन शिवहर की ओर से बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. कमरौली उच्च विद्यालय से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, जीविका दीदियां, आईसीडीएस कर्मी, महिला हेल्पलाइन, माय भारत युवा कार्यक्रम के सदस्य, प्रशासनिक पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक शामिल हुए. हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया.
कमरौली से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने किया. यात्रा कमरौली उच्च विद्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए देकुली धाम पहुंची. इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए.
स्कूली बच्चों और युवाओं ने बढ़ाया उत्साह
यात्रा में नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, आस्था विद्या निकेतन समेत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. माय भारत के जिला युवा अधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही.
जीविका दीदियों, आईसीडीएस कर्मियों, महिला हेल्पलाइन से जुड़े सदस्यों और आम नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.
देशभक्ति और शहीदों के सम्मान का दिया संदेश
डीएम प्रतिभा रानी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना है.
एसपी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसी यात्रा लोगों के दिलों में देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को और मजबूत करती है.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्रों की जागरूकता रैली, घर-घर ध्वज फहराने की अपील
जाति-धर्म से ऊपर उठकर एकजुटता का संदेश
जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ छोटा विजय ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज के सभी वर्गों को जाति और धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होने का संदेश देती है.
नगर सभापति राजन नंदन सिंह ने कहा कि वीर शहीदों के त्याग को सम्मान देना और लोगों को अपने घरों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
देकुली धाम में राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
तिरंगा यात्रा का समापन ऐतिहासिक देकुली धाम में राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, डीडीसी संजय कुमार, एडीएम मेधावी, एसडीओ डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, साइबर डीएसपी सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्रों की जागरूकता रैली, घर-घर ध्वज फहराने की अपील
