शिवहर: टेम्पू पलटने से अधेड़ की मौत, एम्बुलेंस नहीं मिलने पर अस्पताल में हंगामा

तरियानी थाना क्षेत्र के विशहर स्थान के पास टेम्पू पलटने से 45 वर्षीय मौजे पासवान की मौत हो गई. घटना के बाद एम्बुलेंस नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. मृतक अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गए हैं. पढ़ें पूरी खबर..

Sheohar News: तरियानी थाना क्षेत्र के छतौनी पंचायत स्थित विशहर स्थान के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने समय पर एम्बुलेंस और बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया.

मोड़ पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा टेम्पू

जानकारी के अनुसार, वृन्दावन साहू टोली निवासी स्वर्गीय नथुनी पासवान के 45 वर्षीय पुत्र मौजे पासवान टेम्पू से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान विशहर स्थान के समीप एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित टेम्पू सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया. हादसे में मौजे पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल तरियानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते एम्बुलेंस उपलब्ध कराकर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी. अस्पताल में संसाधनों की कमी और एम्बुलेंस की अनुपलब्धता को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा.

एक साल पहले मां की भी हो चुकी है मौत

मौजे पासवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे एक पुत्र और पांच पुत्रियों को छोड़ गए हैं. परिजनों के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व बच्चों की मां का भी निधन हो चुका था. ऐसे में छह बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवहर सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >