Sheohar News: समाहरणालय के संवाद कक्ष में मंगलवार को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की तृतीय बैठक सांसद लवली आनंद की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में डीएम प्रतिभा रानी की उपस्थिति में संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ससमय पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया.
2026 में मिले 25 मामले, सभी में हुआ मुआवजे का भुगतान
बैठक में जिला कल्याण कार्यालय की ओर से प्रस्तुत समिति की कार्यावली के प्रमुख बिंदुओं पर अद्यतन प्रतिवेदन की समीक्षा की गयी. बताया गया कि वर्ष 2026 में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कुल 25 मामले प्राप्त हुए हैं. सभी मामलों में स्वीकृति के बाद मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है.
बैठक में हत्या के मामलों से जुड़े 10 आश्रितों को जुलाई 2026 तक की पेंशन का भुगतान किये जाने की भी जानकारी दी गयी.
आश्रित को अनुकंपा पर सरकारी नौकरी की अनुशंसा
तरियानी थाना कांड संख्या 187/2024 के मामले में मृतक की आश्रित सपना कुमारी को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने की अनुशंसा समिति ने की है. सपना कुमारी को कार्यालय परिचारी के पद पर नियुक्ति के लिए समिति की ओर से अनुशंसा की गयी.
95 मामलों में 77 में आरोप पत्र या अंतिम रिपोर्ट दाखिल
बैठक में वर्ष 2024, 2025 और 2026 में दर्ज मामलों में आरोप पत्र और अंतिम रिपोर्ट से संबंधित विवरणी की भी समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान बताया गया कि इन तीन वर्षों में कुल 95 मामले दर्ज हुए हैं. इनमें से 77 मामलों में आरोप पत्र अथवा अंतिम रिपोर्ट दाखिल की जा चुकी है.
अधिकारियों को शेष लंबित मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
मौके पर एसपी शैलेन्द्र सिंह समेत संबंधित विभागों के कई अधिकारी मौजूद थे.
नशामुक्त भारत अभियान पर फोटो प्रदर्शनी का आयोजन
वहीं, दूसरी ओर शिवहर शहर स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्त भारत अभियान एवं विकसित भारत जी राम जी पर दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का शुभारंभ सामाजिक कल्याण मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता ने किया. इस दौरान प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया.
कार्यक्रम में डीडीसी संजय कुमार, एसडीएम डॉ अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, डीपीओ आईसीडीएस किसलय शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे.
